खुशी व भाईचारे का संदेश लेकर आने वाली ईद गुरुवार को पूरे जिले में धूमधाम से मनाई जाएगी। मंगलवार को चांद नहीं दिखाई देने पर गुरुवार को ईद मनाए जाने का एलान किया गया। बुधवार को ईद को लेकर तैयारियां अंतिम चरणों मेें रहीं।
रोजेदार से लेकर महिलाएं, युवतियां व बच्चे बाजार में खरीदारी में जुटे रहे। कपड़ों से लेकर साज सज्जा की सामग्री की खरीद के लिए दुकानों पर भीड़ लगी रही। ईद को लेकर घर में महिलाओें व युवतियों ने एक दूसरे का हाथ बंटाया।
वहीं शिया समुदाय के लोगों ने आज ईद मनाई और नमाज अदा करने के बाद एक दूसरे को मुबारकबाद दी। नए व फैंसी ड्रेसों में सजे बच्चे टोली के रूप में एक दूसरे के घर पहुंचे और गले मिल ईद की मुबारकबाद दी।
जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ईदगाह पर मौजूद रहेंगे। एसडीएम, सीओ, एसओ को भ्रमण एवं सुरक्षा का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी ने बताया कि सुरक्षा के लिए दो कंपनी पीएसी के जवान व पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। जितने भी ईदगाह हैं, पुलिस व पीएसी तैनात रहेगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की तैनाती के साथ पीएसी लगाई गई है।
जनपदवासियों को ईद की बहुत-बहुत बधाई। यह खुशी और भाईचारे का पर्व है। सब लोग इसे मिलजुल कर मनाएं। - अजय यादव, जिलाधिकारी
ईद पर्व पर जनपदवासियों को हार्दिक बधाई। यह प्यार और दोस्ती का त्योहार है। एक दूसरे की खुशियों में शामिल होकर मोहब्बत का जज्बा फैलाएं। आप सभी से अपील है कि भाई चारे की भावना एवं सद्भाव के साथ पर्व को मिलजुल कर मनाएं। - अब्दुल हमीद, पुलिस अधीक्षक