बाराबंकी। समाज कल्याण विभाग की देखरेख में संचालित हो रहे बालक और बालिकाओं के राजकीय आश्रम पद्धति स्कूलों में रिक्त 230 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा 6,7,8,9 और कक्षा 11 में प्रवेश लेने वाले बालक और बालिकाओं को प्रवेश परीक्षा देनी होगी। इसके लिए आवेदन पत्र मिलना शुरू हो गए हैं। 25 अप्रैल तक आवेदन लिए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश प्रताप सिंह ने बताया कि बालकों के लिए सतरिख क्षेत्र के तीरगांव और बालिकाओं के लिए रामसनेहीघाट क्षेत्र के सोनौली में विद्यालय संचालित किया जा रहा है। बालक वर्ग पर अनुसूचित जाति, पिछड़ा और सामान्य जाति के बच्चों के लिए कक्षा छह से 11 तक 99 सीटें रिक्त हैं। जबकि बालिकाओं के लिए 131 सीटें रिक्त हैं। इन्हें भरने के लिए प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र मिलना शुरू हो चुके हैं।
इनके जमा करने की अंतिम तिथि 25 अप्रैल है। बालक वर्ग में एससी के लिए कक्षा छह में 42, कक्षा आठ में पांच, कक्षा नौ में नौ और कक्षा 11 में पांच सीटें रिक्त हैं। पिछड़ी जाति में सिर्फ कक्षा छह के लिए 18 सीटेें खाली हैं। वहीं सामान्य के लिए कक्षा छह में 10, नौ में सात और कक्षा 11 में मात्र तीन सीटें रिक्त हैं।
इसी प्रकार बालिका वर्ग में एससी के लिए कक्षा छह में 42, सात में 12, आठ में आठ, नौ में दो और कक्षा 11 में तीन सीटें रिक्त हैं। वहीं पिछड़ा वर्ग में कक्षा छह में 18 और कक्षा सात और नौ में 14-14 सीटों पर प्रवेश होगा। सामान्य वर्ग में कक्षा छह और सात में दस-दस, कक्षा आठ में सात, नौ में पांच और कक्षा 11 में पांच सीटें रिक्त हैं। जबकि कक्षा 11 में आठ रिक्त सीटों पर विज्ञान वर्ग के लिए प्रवेश मिलेगा।