बाराबंकी। डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया, टायफाइड और थायराइड जैसी जांचें एक छत के नीचे हो सकेंगी। इसके लिए मरीजों को भागदौड़ नहीं करनी होगी। जिला महिला अस्पताल में बनी आधुनिक लैब और आईपीएचएल लैब को एक ही में मर्ज कर शुरू कर दिया गया है।
जिला महिला अस्पताल में दो लैब हैं। लेकिन इनमें से अभी तक सिर्फ छठवें तल पर बनी आधुनिक लैब का ही संचालन हो रहा था। मुख्य गेट पर बनी दूसरी आईपीएचएल लैब मैनपाॅवर और संसाधनों के अभाव की वजह से संचालित नहीं हो पा रही थी। इसके बाद उच्चाधिकारियों से हुई वार्ता के बाद दोनों लैब काे मर्ज कर एक छत के नीचे संचालित किए जाने का निर्णय लिया गया।
इसको लेकर पिछले एक माह से कार्य चल रहा था। अब लैब बनकर तैयार हो चुकी है यहां तक जांचे भी शुरू करा दी गई हैं। इस लैब के शुरू होने से मरीजों को अब जांच कराने के लिए लखनऊ के चक्कर नहीं काटने होंगे बल्कि सभी प्रकार की जांचों की सुविधा यहां मिल सकेगी। जांच के लिए आवश्यक है कि आपके पास सरकारी अस्पताल का परचा होना चाहिए।
बाक्स
इन जांचों का मिलेगा लाभ
सीबीसी, एलएफटी, केएफटी, लिपिड, एबीओ/आरएच, एचआईवी, एचसीवी, एचबी एजी, रैपिड कार्ड, एनडीआरएल, विडाल, थायराइड, एमपी, यूआरएमपी, सीआरपी, यूआरएम, कैल्शियम टोटल, यूरिक एसिड, एचबीएआईसी, डेंगू एनएस-1 डेंगू आईजीएम, डेंगू आईजीजी, सोडियम, पोटेशियम, कोलोराइड, मलेरिया, टायफाइड सहित कई प्रकार की जांचें आसानी से हो सकेंगी।
वर्जन
अलग-अलग स्थानों पर संचालित दोनों लैबों काे एक जगह पर शिफ्ट कर काम शुरू कर दिया गया है। यहां पर सरकारी अस्पताल से इलाज कराने वाला कोई भी व्यक्ति अपनी जांच आसानी से करा सकता है। इसका लाभ जिले की जनता को मिलेगा।
डॉ. प्रदीप कुमार, सीएमएस महिला अस्पताल