बाराबंकी। दरियाबाद क्षेत्र में सोमवार को एक किशोर को घर में सांप ने डस लिया। जानकारी पर परिवारीजनों ने काफी देर तक हकीम से झाड़-फूंक कराया। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में किशोर की मौत हो गई।
दरियाबाद क्षेत्र के नरगौर गांव में कच्चे मकान में रहने वाले जंगली प्रसाद के 15 वर्षीय बेटे चंद्रेश को सोमवार को कोठरी में सांप ने डस लिया। चंद्रेश के चीखने पर दौड़े परिवारीजनों को जब जानकारी हुई तो झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति को बुलाया। काफी देर तक उसे उपचार कराने की कोशिश करते रहे। हालात बिगड़ने पर परिवारीजन उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में चंद्रेश की मौत हो गई। पुलिस को सूचना दिए बिना ही परिवारीजनों ने शव उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद घर में फिर सांप दिखने पर परिवारीजनों ने पास के मसूदपुर गांव निवासी सूर्यलाल को बुलाकर उसे पकड़वाया। सांप को जंगल में छोड़ा गया।