बड्डूपुर (बाराबंकी)। घर से शनिवार शाम निकले युवक का शव रविवार सुबह संदिग्ध हालात में चौराहे के समीप पड़ा मिला। इसकी खबर मिलते ही कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र बड्डूपुर के गंगचौली गांव निवासी पंकज (40) शनिवार शाम घर से डफरपुर चौराहे जाने की बात कहकर निकला था। रात में वापस न लौटने पर परिवारीजनों को अनहोनी की आशंका हुई। रविवार सुबह परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो युवक का शव लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर स्थित डफरपुर चौराहा के पास बंद पड़ी बेकरी की दुकान के पास पड़ा मिला।
शव मिलने पर सनसनी फैल गई। मौके पर आसपास के लोगों के भीड़ जुट गई। इसकी सूचना पर पहुंची बड्डूपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष शिखा सिंह ने बताया कि युवक घर से शराब पीने के लिए निकला था। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।