फतेहपुर (बाराबंकी)। करंधा निवासी नूरुद्दीन (21) का शव मंगलवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे लाइन पर पड़ा मिला। मृतक के भाई ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नूरुद्दीन लखनऊ में वाहन चलाते थे। उनके तीन भाई व चार शादीशुदा बहनें है। बीते रविवार को सबसे छोटी बहन की शादी सम्पन्न हुई थी। सोमवार को परिवारवालों के साथ नूरुद्दीन बहन को उसकी ससुराल सुढि़यामऊ से चौथी पर विदा कराकर घर लौटे। इसके बाद रात करीब आठ बजे से वह लापता थे। मंगलवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक के बीच ग्रामीणों ने उनका शव पड़ा देखा। परिजनों ने पहुंचकर शव की पहचान नूरुद्दीन के रूप में की।
मृतक के भाई जीशान ने बताया कि रात में नूरुद्दीन के फोन पर किसी की काॅल आई थी। इसी के बाद बिना कुछ बताए वह घर से चले गए, लेकिन बाद में नहीं लौटे। बताया कि एक बार उसने नूरुद्दीन को फोन कर घर आने के लिए पूछा था। जिसपर उन्होंने सोमवार रात को घर न आने की बात कही थी। जीशान का आरोप है कि भाई की हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव रेलवे लाइन पर डाल दिया गया।
मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम जिला मुख्यालय पर किया गया। उसी दौरान जीशान ने एसपी कार्यालय में अज्ञात लोगों पर हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की।