कोटवाधाम (बाराबंकी)। संदिग्ध हालातों में एक सप्ताह से लापता बुजुर्ग का शव मंगलवार को शारदा सहायक नहर में उतराता मिला। इसकी सूचना पर पहुंची बदोसराय पुलिस ने कसरैला डीह झील से शव को बाहर निकलवाया। देर शाम शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की।
मामला बदोसराय कोतवाली क्षेत्र का है। एक सप्ताह पहले सफदरगंज थाना क्षेत्र के पेरी गांव निवासी रामदयाल गौतम (70) घर से दवा लेने निकले थे। शाम तक वापस न लौटने पर परिवारीजनों ने उनकी तलाश की मगर बुजुर्ग का पता नहीं चला। इस पर परिवारीजनों ने सफदरगंज थाने में तहरीर देकर उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
मंगलवार की शाम बुजुर्ग का शव बदोसराय थाना क्षेत्र के कसरैला झाल में उतराते मिलने की सूचना मिली। इस पर बदोसराय एसओ संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। शव को नहर से बाहर से निकलवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ ने बताया कि बुजुर्ग की गुमशुदगी सफदरगंज थाने में दर्ज है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। संवाद