कोठी (बाराबंकी)। घर से घास काटने निकली युवती का शव गांव के बाहर तालाब में उतराता मिला। पास में ही चप्पल, घास काटने वाली हंसिया व तिरपाल भी पड़ा मिला। ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा है तो पुलिस डूबकर मौत होने की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
घटना कोठी थाना क्षेत्र में हुई। यहां के ग्रामीणों ने सोमवार को सादुल्लापुर व ख्वाजानगर गांव के मध्य बीते वर्ष मनरेगा के तहत खोदे गए झबरा तालाब में एक युवती का शव पानी में उतराता देखा। कुछ ही देर में यहां भीड़ लग गई। करीब आधा घंटा बाद सादुल्लापुर के निवासी रामेश्वर रावत ने शव की पहचान अपनी पुत्री सुमनलती (18) के रूप में की।
रोते-बिलखते परिजन अपनी संतुष्टि के लिए युवती को लेकर सीएचसी पहुंच गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची कोठी पुलिस को परिवारीजनों ने बताया कि सुमनलती हरा चारा काटने के लिए घर से निकली थी। ग्रामीणों ने बताया कि ऐसा भी लग रहा है कि युवती शौच के लिए तालाब के पास गई हो और डूब गई हो। एसओ संजीत कुमार सोनकर ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। आगे की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी। (संवाद)