दरियाबाद में रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से लगा लंबा जाम। -संवाद
दरियाबाद (बाराबंकी)। दरियाबाद-भिटरिया मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग रविवार को करीब 45 मिनट बंद रही। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में काफी देर तक एंबुलेंस फंसी रही। क्रॉसिंग खुलने के बाद आवागमन सामान्य होने पर राहत मिली।
लखनऊ-अयोध्या रेलखंड स्थित क्रॉसिंग रविवार दोपहर करीब तीन बजे बंद करके 56 बोगियों वाली मालगाड़ी से गिट्टी डालने का काम शुरू हुआ। ट्रैक के दोनों तरफ जगह-जगह गिट्टी गिराने का काम काफी तेजी से किया जा रहा था।
करीब 45 मिनट के बाद गिट्टी गिराने का काम पूरा हुआ। मालगाड़ी के जाने के बाद क्राॅसिंग खोली गई। इस दौरान दरियाबाद-भिटरिया मार्ग पर चौराहे से लेकर जेठौती कुर्मियान मोड़ तक लंबा जाम लगा रहा। जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी रही। स्टेशन अधीक्षक एके राय ने बताया कि गिट्टी गिराने के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से क्राॅसिंग को बंद किया गया था। कार्य पूरा होने पर खोला गया।