बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र फतेहपुर के लहसी गांव में शनिवार को महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने 10 घंटे के अंदर ही घटना का खुलासा कर गांव के ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि युवक के महिला से संबंध थे। महिला ने उससे रुपये ले रखे थे। मगर कई दिनों से उससे संबंध तोड़कर मोबाइल नंबर तक ब्लॉक कर दिया था। इसी से गुस्से में आकर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के लहसी गांव निवासी मीना कुमारी शनिवार दोपहर अपने तीन बच्चों से शौच के लिए कहकर घर से निकली थी। करीब दो घंटे तक वापस न आने पर उसका देवर राजू खोजने निकला तो करीब 400 मीटर दूर गांव के ही राम मनोहर के आलू के खेत में मीना का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उसका गला तेज धारदार हथियार से रेता गया था।
घटना के खुलासे के लिए स्वॉट व सर्विलांस टीम लगाई गई। गांव में पूछताछ व महिला के मोबाइल काॅल की डिटेल के आधार पर पुलिस ने गांव के ही सर्वेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। फतेहपुर कोतवाल डीके सिंह के अनुसार सर्वेश ने पूछताछ में बताया कि मीना से उसकी फोन पर बातचीत होती थी। उसने सर्वेश से हजारों रुपये उधार ले रखे थे।
कुछ दिनों से मीना ने उससे संबंध तोड़ दिए थे। उसका नंबर तक ब्लॉक कर दिया था। गांव में भी उसकी बुराई करती थी। इसी के बाद से नाराज सर्वेश ने हत्या की योजना बनाई। मीना खेत में शौच के लिए गई तो वहां पहले से मौजूद सर्वेश ने उसे पकड़कर चाकू से गला रेत दिया।