खरिहानी गांव में आग की चपेट में आने से एक युवती जिंदा जल गई। वहीं नकदी समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। परिवारीजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैैं, तो पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है। परिवारीजनों के मुताबिक घटना के दौरान बाहर कमरे में अंदर व छत पर सीढ़ियों के दरवाजे में बाहर से ताला लगा पाया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता ने किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी है।
कुर्सी थाना क्षेत्र के ग्राम खरिहानी निवासी नूरमोहम्मद के घर बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। जिस समय आग लगी उस समय घर पर सिर्फ उसकी पुत्री शबनम (18) मौजूद थी। घर के अन्य सदस्य शादी समारोह में गए हुए थे। आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने नूर मोहम्मद व भाई जाकिर को दी। सूचना पर पहुंचे युवती के भाई जाकिर ने ग्रामीणों की मदद से मेन दरवाजे का ताला तोड़ अंदर घुसा तो देखा सारा सामान जलकर राख हो गया और उसकी बहन का शव जला हुआ कमरे में पड़ा था।
मृतका के पिता नूर मोहम्मद ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित का कहना है कि आग लगने से घर में रखी 40 हजार रुपये की नकदी समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। पीड़ित ने किसी प्रकार की कोई शिकायत पुलिस से नहीं की है।