आइडिया कंपनी द्वारा सवा तीन लाख रुपये का दीपावली ऑफर निकलने की लालच देकर एक बुनकर से 70 हजार रुपये की जालसाजी का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम के इस मामले के बाद बुनकर परिवार धोखाधड़ी होने से सदमे में हैं। पीड़ित का कहना है कि उसने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
जैदपुर कस्बे के मोहल्ला अली अकबरकटरा निवासी मोहम्मद इबादुर के पुत्र मुकीम आलम अंसारी के फोन नंबर 8418919356 पर फोन आया कि दिवाली ऑफर में उसे सवा तीन लाख रुपये आपके नबंर पर आइडिया कंपनी द्वारा आपको दिए जाएंगे।
लाखों रुपये के लालच में आने के बाद बुनकर ने घर में रखी मेहनत की कमाई के साथ रिश्तेदारों से उधार लेकर चार बार में कुल 70 हजार रुपये बैंक खाते में जमा कर दिए हैं। 3 नंवबर को जब पहला फोन नंबर 07348443327 से पीड़ित के पास आया तो जालसाज ने बताया की साढ़े सात हजार रुपये जमा करने पर आपको सवा तीन लाख रुपये मिलेंगे।
उसके बाद पच्चीस सौ रुपये जमा करा लिए। 4 नवंबर को 8953927576 नंबर से फोन आया कि उसी बैंक ऑफ बड़ौदा के खाता संख्या 54620100002124 पर तीस हजार रुपये जमा करने के बाद आपके खाते में रुपये भेज दिए जाएंगे। बुनकर ने घर में मेहनत की कमाई के रखे रुपये जमा कर दिए।
5 नवंबर को फिर 7236953325 से चंद्रभान ने फोन किया कि बीस हजार रुपये जमा करने के बाद तत्काल सवा तीन लाख रुपये वापस भेज दिए जाएंगेे। बुनकर को जब फ्रॉड नजर आने लगा तो उसने यह जानकारी मोहल्ले के लोगों को दी। तब जाकर मामला प्रकाश में आया है। मेहनत की कमाई के सत्तर हजार रुपये जाने के बाद बुनकर परिवार बड़े सदमे में है।
अभी पीड़ित ने थाने में कोई शिकायत नहीं की है। अगर शिकायत मिलती है। तो पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी। लोगों को इस तरह की फोन काल से सावधान रहना चाहिए। -दिनेश कुमार यादव, कस्बा चौकी इंचार्ज जैदपुर