अलग-अलग क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में बुजुर्ग समेत दो लोगों की मौत हो गई। सुढ़ियामऊ क्षेत्र में पैदल सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। घायल को सीएचसी से ट्रॉमा रेफर कर दिया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
वहीं रानीबाजार में सुरवारी गांव की एक युवती शुक्रवार दोपहर खेत जाने के लिए सड़क पार कर रही थी, इस दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम नबीगंज निवासी शंभूनाथ (65) शुक्रवार शाम सड़क पार कर रहा था। सीतापुर जनपद के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम गोधौरी निवासी श्रीकांत वर्मा (25) पुत्र उमेश चंद्र वर्मा बाइक से बदोसरांय से वापस घर जा रहा था।
बाइक सवार अचानक शंभूनाथ से टकरा गया। हादसे में जहां शंभुनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं श्रीकांत सड़क पर गिर गया। ग्रामीणों ने श्रीकांत को पकड़कर पिटाई करने लगे।
सिपाही मैनेजर यादव ने युवक को ग्रामीणों से बचाकर उसे बाइक समेत थाने भेज दिया। ग्रामीणों ने घायल को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी रामनगर पहुंचाया। जहां पर उसकी हालत नाजुक होते देख चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सुरवारी निवासी सुनीता (18) पुत्री रामकैलाश शुक्रवार दोहपर खेत जाने के लिए घर से निकली थी। सड़क पार करते समय रामनगर से बाराबंकी की ओर जा रहे अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही गांव वालों की भीड़ लग गई।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना रामनगर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराते हुए वाहन का पता लगाकर कार्रवाई किए जाने की बात कही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी थानाध्यक्ष रवि सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चालक मय वाहन के भाग गया है।