बकरीद की छुट्टी पर में बाइक से अपने घर सुल्तानपुर जा रहे इंजीनियरिंग के दो छात्रों को सुल्तानपुर रोड पर ट्रक ने रौंद दिया। इस हादसे में दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों छात्र लखनऊ में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रहे थे। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है।
यह हादसा लोनीकटरा थाना क्षेत्र में सुल्तानपुर रोड पर लोनी पुल के पास हुआ। इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग के छात्र मोहम्मद सिराज (23) पुत्र मोहम्मद शकील व मोहम्मद खालिद खान (25) पुत्र मोहम्मद एमए खान बकरीद की छुट्टी पर गुरुवार दोपहर बाद पल्सर बाइक से अपने घर सुल्तानपुर जा रहे थे।
लोनीकटरा क्षेत्र में सामने से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए। इस बीच ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र के आईकार्ड से उनकी शिनाख्त की। मौके पर खड़े ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। एसओ लोनीकटरा अरुण द्विवेदी के मुताबिक हादसे के समय छात्र हेलमेट पहनकर बाइक चला रहे थे।
संभावित: रफ्तार अधिक होने के चलते हादसा हुआ। एसओ के मुताबिक मृतकों के परिवारीजनों को सूचित कर दिया गया है।