सफदरगंज व क्राइम ब्रांच की पुलिस टीम ने लूट की पांच वारदातों का खुलासा करते हुए दो लूटेरों को एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने दोनों बदमाशों के पास से दो तमंचा, कारतूस, 13 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल फोन व चोरी की एक बाइक बरामद की है। एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर भाग गया है। पकड़े गए बदमाशों में एक बस्ती जिले का निवासी है। इस मामले का खुलासा करने पर एसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
मंगलवार को पुलिस लाइन में एएसपी शफीक अहमद ने वार्ता में बताया कि सफदरगंज पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने एक मुठभेड़ के दौरान शातिर लुटेरे विनोद यादव पुत्र जगबली यादव निवासी ग्राम तेलियाढीह थाना वाल्टरगंज जिला बस्ती व रघुनंदन गौतम पुत्र रामपाल गौतम निवासी ग्राम प्यारेपुर थाना सफदरगंज को सोमवार की रात सफदरगंज-महमूदाबाद मार्ग से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों के पास से दो तमंचा, दो कारतूस, 13 हजार दो सौ रुपये की नकदी, एक घड़ी, चांदी की पायल व चोरी की एक बाइक बरामद की है।
पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया है कि उन्होंने बीते 8 नवंबर को सफदरगंज के महमूदाबाद मार्ग पर एक माचिस व्यापारी व 10 नवंबर को सफदरगंज में ही एक महिला से जेवरात व नकदी लूटी थी। इसके अलावा इन बदमाशों ने रामसनेहीघाट व कोटवासड़क में भी लूट की तीन वारदातों को अंजाम देने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर एक फायर भी कर दिया हालांकि इसमें किसी को गोली नहीं लगी। एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने मेें सफल रहा है।
इन वारदातों का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे एसओ सफदरगंज जैनुद्दीन अंसारी, क्राइम ब्रांच सर्विलांस सेल के संतोष सिंह, राकुमार चौधरी, दिलबहार यादव, आदिल हाशमी, पवन सिंह, देवेंद्र यादव, मुनीर अहमद आदि पुलिस टीम को एसपी अब्दुल हमीद ने पांच हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया है।