बाराबंकी के मसौली क्षेत्र के शहाबपुर के पास हुए हादसे के बाद लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
साइकिल से जा रहे दो ग्रामीणों को एक तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बहराइच-लखनऊ मार्ग जामकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। इसके चलते बहराइच-लखनऊ हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीण मृतक के परिवारीजनों को आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ग्रामीणों को समझाया जिसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया। वहीं हादसा करने वाले टैंकर को पुलिस ने कब्जे में लिया है, जबकि चालक फरार हो गया है।
थाना मसौली क्षेत्र के पहलीपार गांव निवासी रामसमुझ (50) पुत्र खुशीराम व नरायन गौतम (30) पुत्र बैजनाथ शनिवार की शाम अपनी अपनी साइकिल से शहावपुर कस्बे की ओर जा रहे थे। तभी बहराइच मार्ग पर एक तेज रफ्तार टैंकर ने दोनों साइकिल सवार ग्रामीणों को टक्कर मार दिया।
हादसे में दोनों ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और सड़क जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे बहराइच-लखनऊ हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीण मृतकों के परिवारीजनों को आर्थिक मदद की मांग कर रहे थे।
एसडीएम डीपी पाल, सीओ रामनगर दुर्गेश सिंह, एसओ अवधेश यादव ने ग्रमीणों को समझाने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। ग्रामीणों के अड़ने से हाईवे पर आवागमन ठप हो गया। बाद में अधिकारियों ने ग्रामीणों की सभी मांगे पूरी होने का आश्वासन देते हुए उन्हें शांत कराया। एसओ मसौली अवधेश यादव का कहना है कि पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है।