नकली मोबिल ऑयल बेचने में तीन गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
असली के नाम पर नकली मोबिल आयल बेचकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। देवा पुलिस ने तीन दुकानों पर छापेमारी कर यहां से तीन लोगों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने ठगी समेत कई धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। इनके पास से 147 लीटर नकली मोबिल आयल भी बरामद किया है।
देवा कोतवाल एसपी सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि कुछ दुकानदार अपनी दुकानों पर कंपनी का रैपर लगाकर नकली मोबिल आयल बेच रहे हैं। जिस पर एसआई संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने सोमवार की दोपहर तीन दुकानों पर छापेमारी की। वहां से 147 लीटर नकली मोबिल आयल बरामद किया गया है।
इस दौरान पकड़े गए आरोपियों में राहुल जायसवाल निवासी कस्बा देवा, श्रीपाल निवासी ग्राम छपरा व हारून निवासी ग्राम गौरिया के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस द्वारा इन आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है, कि नकली मोबिल कहां से मिल रहा था। तीनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेजा है।
केस्ट्राल कंपनी का लगा है रैपर
देवा कोतवाल एसपी सिंह ने बताया कि पकड़े गए नकली मोबिल आयल की डिब्बे पर केस्ट्राल कंपनी का रैपर लगा है। कोतवाल ने कहा केस्ट्राल कंपनी के मैनेजर लालसिंह चौधरी ने पुलिस को इस बात के बारे में सूचना दी थी कि उनकी कंपनी के नाम पर कुछ लोग नकली मोबिल बेच रहे है। इसके बाद ही पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह में कितने लोग हैं और इसका सरगना कौन है।
नकली मोबिल आयल से खत्म हो जाती है इंजन की लाइफ
देवा कोतवाल ने बताया कि केस्ट्राल कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि किसी भी बाइक या कार में नकली मोबिल आयल डालने से उसके इंजन की लाइफ आधे से भी कम हो जाती है। ऐसे में यह मोबिल बेचकर दुकानदार लोगों को ठगने का काम कर रहे थे।