घर में अकेली सो रही महिला के साथ पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर दुराचार किया और मामले की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। सुबह पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर महिला को पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा है। वहीं पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मसौली थाना क्षेत्र के एक कस्बा निवासी 52 वर्षीय महिला गुरुवार को अपने घर में अकेली सो रही थी। पहले से महिला पर बुरी नजर रखने वाला एक पड़ोस का युवक मौका पाकर शुक्रवार भोर करीब तीन बजे उसके घर में घुस गया। आरोपी ने महिला के साथ दुराचार किया और घरवालों व पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
शुक्रवार सुबह पीड़िता मसौली थाने पहुंची और आरोपी नशरुद्दीन (45) पुत्र रफी कुरैशी के खिलाफ दुराचार की शिकायत की। थानाध्यक्ष अवधेश यादव ने रिपोर्ट दर्ज कर महिला पुलिस के साथ पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को दोपहर में बिंदौरा बाजार से गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी कर चुका था रेप का प्रयास
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने बताया कि आरोपी नशरुद्दीन महिला से कई बार रेप करने की कोशिश कर चुका था। लेकिन महिला लोक लाज के कारण किसी से कुछ नहीं कह पाई थी। पीड़िता के पति की मौत हो जाने के बाद से आरोपी उस पर बुरी नजर रखता था।
शुक्रवार की भोर महिला को अकेले पाकर एक आरोपी ने उसके साथ दुराचार किया है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। -अवधेश यादव, एसओ मसौली