शराब के नशे ने एक युवक की जान ले ली। नशे में धुत पिता-पुत्र में कहासुनी हुई जिसके बाद युवक कुएं में कूद गया। सिर में चोट लगने के कारण युवक की मौत हो गई। परिवारीजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिये ही अंतिम संस्कार कर दिया है।
घटना बुधवार को कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम मठ मजरे शाहपुर मुरारपुर में देर रात हुई। गांव के रामप्रसाद व उनके 22 वर्षीय पुत्र संतोष रावत ने सुबह ही शराब पी ली थी और जब नशे में हो गये तो पिता पुत्र आपस में भिड़ गये और कहासुनी होने लगी। पिता ने कहा कि मैं कुएं में कूदकर जान दे दूंगा तो लड़के ने भी कहा कि हम भी जान दे देंगे।
इसी बीच संतोष अचानक कुएं की तरफ दौड़ा और कूद गया। कुएं में पानी कम था साथ ही पत्थर भी पड़ा था। कूदने से युवक का सिर फूट गया और जब लोगों ने उसे बाहर निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवारीजनों ने आनन-फानन उसका अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाल जेएल सोनकर ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है। बताया कि ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है।