बदोसरांय थाना क्षेत्र में रविवार को ट्रिपलिंग कर रहे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि हादसे में दो युवक घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, मंजीठा के पास ट्रैक्टर से टकराकर एक पिकअप के पलट जाने से चालक मामूली रूप से घायल हो गया।
बदोसरांय थाना क्षेत्र के ग्राम घोर एतमादपुर निवासी बब्बू (30) पुत्र संतराम रविवार को नागपंचमी के पर्व पर सामान की खरीदारी करने अपने भतीजे अमन व गोलू के साथ एक बाइक से बदोसरांय के लिए निकला था।
गांव से कुछ दूर अमरूदही मोड़ के पास पीछे से मुर्गा लादकर जा रही पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें आसपास के लोगों ने उपचार के लिए सिरौलीगौसपुर सीएचसी पहुंचाया। जहां बब्बू की हालत और बिगड़ते देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिवारीजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के दौरान युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया वहीं चालक मौके से भाग गया।
दूसरा हादसा सतरिख थाना क्षेत्र के मंजीठा के पास हुआ। बाराबंकी से हैदरगढ़ की ओर जा रही एक पिकप ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा कर पलट गई, जिसमें सवार चालक सलीम निवासी आवास विकास कॉलोनी को मामूली चोट आई है। राहगीरों ने उसे पिकअप से निकालकर जिला अस्पताल भेजवा दिया।