कोतवाली क्षेत्र के एक महाविद्यालय की शिक्षिका ने महाविद्यालय के प्रबंधक/कोषाध्यक्ष पर दुराचार की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस ने कोषाध्यक्ष के विरुद्ध दुराचार के प्रयास करने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है।
कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र के एक महाविद्यालय की एक शिक्षिका ने कोतवाली में दिये गये शिकायती पत्र में कहा है कि वह गत चार वर्षो से वह महाविद्यालय में तैनात है। आरोप लगाते हुए शिक्षिका ने शिकयती पत्र में कहा है कि गत 20 अक्टूबर की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उसे यहां के प्रबंधक/कोषाध्यक्ष रणंजय सिंह ने विद्यालय का आवश्यक कार्य बताकर बुलाया था।
आरोप है कि कोषाध्यक्ष यहां पर शिक्षिका से दुराचार का प्रयास करने लगा जिस पर उसने आपत्ति जताते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद स्थानीय लोगों को आते देख कोषाध्यक्ष अपने मकसद में सफल नहीं हो सका। पीड़िता का कहना है कि इस मामले से वह काफी सहमी हुई है।
अगले दिन उसने मामले की शिकायत कर पुलिस से रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी जितेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि शिक्षिका ने विद्यालय प्रबंधक/कोषाध्यक्ष के खिलाफ दुराचार का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है, जिस पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। कहा पुलिस मामले की जांच करने के साथ ही आगे की कार्रवाई करेगी।