रामनगर क्षेत्र के गोड़ीलाल पुरवा के मजरा इब्राहिमपुरवा में शुक्रवार की रात लगी भीषण आग में जलकर एक मासूम बच्ची की मौत हो गई और 20 बकरियां भी झुलसकर मर गईं। अग्निकांड में सात घर जलकर राख हो गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से पांच घंटे के बाद आग पर काबू पाया। आग से करीब 20 लाख रुपये की क्षति हुई है।
सूचना मिलने के बाद तहसीलदार रामनगर प्रेमचंद मौर्या और हलका लेखपाल मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ितों को यथासंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
रामनगर क्षेत्र के गोड़ीलालपुरवा के मजरा इब्राहिमपुरवा में शुक्रवार की रात जब ग्रामीण गहरी नींद में सो रहे थे, उसी समय किसी एक घर से आग भड़क उठी। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तब आग ने विकराल रूप ले लिया।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से पांच घंटे में आग पर काबू पाया। अगिभनकांड में धनीराम की साढ़े तीन साल की पुत्री सावित्री देवी की जलकर मौत हो गई। साथ ही आग से धनीराम, होरीलाल, कमलेश, दिनेश, ननकऊ, रुदत्त व लखनलाल के घर जलकर राख हो गए।
अग्निकांड में लोगों की 20 बकरियां भी झुलसकर मर गईं। ग्रामीणों का अनुमान हैं कि अगिभनकांड में करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। लगने का कारण पता नहीं चल सका है।