कांग्रेस की भीम ज्योति यात्रा शनिवार दोपहर को शहर पहुंची। यहां सैकड़ों की तादात में मौजूद कांग्रेसियों ने यात्रा का स्वागत किया। भीम ज्योति यात्रा फीरोजाबाद से आगरा रोड होते हुए गांधी मार्केट स्थित महिला अस्पताल आयी। यहां से अलीगंज की ओर रवाना हो गई।
भीम ज्योति यात्रा का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस अनुसूचित प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि इस यात्रा को निकालने का मुख्य उद्देश्य दलित समाज के अंतर्गत कांग्रेस पार्टी के बारे में फैली हुई भ्रांतियों को दूर करना है। साथ ही उन मौका परस्त पार्टियों को भी सचेत करना है, जो अपने निजी र्स्वाथवश बाबा सहाब का नाम लेकर उनके सिद्धांतों, उसूलों एवं उनके द्वारा किए गए संघर्ष को भुलाकर खुद को दलितों का मसीहा बताने में लगी हुई हैं। उनके द्वारा खुद को दलितों का मसीहा बताकर दलित समाज से वोट हासिल किए जा रहे हैं। जिला प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजेश राज जीवन ने कहा कि बाबा सहाब द्वारा किए गए दलित समाज के उत्थान के कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है, जिसने दलितों के उत्थान के लिए नि:स्वार्थ भाव से संघर्ष किया है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष चोब सिंह धनगर एडवोकेट, जिला महासचिव अनिल सोलंकी, अनुसूचित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संदीप जाटव, विनीत पाराशर आदि ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। राकेश सागर, सुशील, सुरेश रावत, कैलाश वाल्मीक, डॉ. शीलेंद्र गौड़, अरूण दीक्षित, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, राकेश यादव, भगवान स्वरूप प्रजापति, जयवीर, दलवीर सिंह यादव, मालती देवी, शिवानी गुप्ता आदि लोग मौजूद थे।