शहर कोतवाली इलाके में देवा मार्ग स्थित मुख्य विकास अधिकारी आवास के सामने से एक कार चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। लखनऊ निवासी कार मालिक ने मामले की शिकायत पुलिस को तहरीर दी है। बीते दिनों भी शहर इलाके से लग्जरी कार चोरी होने के मामले सामने आए थे लेकिन पुलिस किसी भी आरोपी को अभी तक पकड़ नहीं सकी है।
लखनऊ जिले के आदर्श नगर मटियारी के रहने वाले नफीस अहमद पुत्र कमरूद्दीन ने बताया कि मंगलवार की सुबह वह किसी काम से बाराबंकी आया था। देवा मार्ग पर सीडीओ आवास के सामने अपनी सफारी कार खड़ी की थी। कुछ देर बाद वापस आने पर देखा तो कार चोरी हो चुकी थी।
पीड़ित ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर कोतवाली में दी है। दो सप्ताह पूर्व पीरबटावन मोहल्ले व जिला अस्पताल से भी लग्जरी कार चोरी हो गई थी लेकिन पुलिस अभी चोर का पता नहीं लगा सकी है। कोतवाल रवींद्र सिंह ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही।