ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने वाले एक युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। रविवार की सुबह घटना के बारे में पता लगने पर परिवारीजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर पुलिस को दी।
लेकिन पुलिस कार्रवाई में हीलाहवाली करने लगी। इस बीच घटनास्थल से लौट रहे एसपी वैभव कृष्ण की कार के आगे परिवारीजन लेट गए और प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। जिसके बाद एसपी ने सभी को समझाकर शांत करवाया व घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।
सतरिख थाना व कस्बा के मोहल्ला पूरे भग्गन निवासी वेदप्रकाश यादव(25) पुत्र राकेश यादव मनेरा गांव स्थित एक ईंट-भठ्टे पर मजदूरी करता था। शनिवार की सुबह वेद प्रकाश भट्ठे पर काम करने गया था। दोपहर में वह घर आया और फिर कुछ देर बाद भट्ठे पर चला गया, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा।
परिवारीजनों ने रात में युवक की तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं हो सकी। इस बीच रविवार की सुबह जफरपुर गांव के जंगल में शीशम के पेड़ से वेद प्रकाश का शव फांसी के फंदे से लटका देखा गया। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
मृतक के दादा मैकूलाल ने पड़ोसी अखिलेश, लक्ष्मीनरायन, विमलेश व रामसजीवन के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
फॉरेंसिक व क्राइम ब्रांच की टीम ने लिया मौके का जायजा
घटनास्थल का जायजा लेकर लौट रहे एसपी वैभव कृष्ण की कार के आगे परिवारीजन सतरिख चौराहे के पास लेट गए व आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करने लगे। एसपी ने कार से नीचे उतरकर सभी को समझाया व हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश एसओ मोहसिन खान को दिए। जिसके बाद मामला शांत हो सका।
घटना स्थल पर पहुंची लखनऊ की फॉरेंसिक व क्राइम ब्रांच की टीम ने भी गहनता से जांच शुरू की है। एसपी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।