असोहना गांव में दस दिन पूर्व हुई किसान की हत्या उसी के बेटे और भाइयों ने साथी के साथ मिल कर की थी। हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने चारों अभियुक्तों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
28 अगस्त को असोहना गांव वासी किसान मंगल प्रसाद वर्मा का शव छप्पर के अंदर फंदे से लटकता मिला था। इस घटना में पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया था। बुधवार को पुलिस लाइन में एएसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने घटना का खुलासा कर बताया कि मृतक मंगल प्रसाद ने 10 बीघे जमीन में से छह बीघे जमीन बड़े लड़के राकेश व सवा बीधे जमीन अंगद तथा शेष भूमि अपनी देखरेख में रखी थी।
उसने अपने छोटे लड़के अंगद को कोई हिस्सा नहीं दिया था। जिसे लेकर वह पिता से झगड़ा करता था। वह दो सालों से सीतापुर में अपनी बहन के यहां रहता था और कभी कभार अपनी खेती को देखने आता था।
संपत्ति विवाद को लेकर उसने अपने चाचा रविकरन उर्फ राज कुमार, चचेरे भाई मथुरा व उसके साथी अमरीश कुमार अपने पिता मंगल प्रसाद की हत्या की साजिश रची थी। 28 अगस्त की रात को सोते समय मंगल का गला दबाकर चारों ने हत्या कर दी। आरोपी अंगद व मथुरा को कस्बे के रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार किया जबकि अभियुक्त रविकरन व अमरीश को उनके घर से दबोचा गया।