रामनगर स्थित उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी नवीन शंकर शुक्ला की हत्या उसके बेटे ने संपत्ति के लिए कराई थी। इस मामले का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है।
एसपी ने बताया कि मृतक के पुत्र ने एक लाख रुपये की सुपारी देकर पिता की हत्या कराई थी। पुलिस ने बताया कि नवीन परिवारीजनों से दूर रहता था। वह संपत्ति नहीं देना चाहता था, जिसके कारण उसकी हत्या कराई गई।
पुलिस ने आरोपी पुत्र समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वारदात में प्रयुक्त बाइक व मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किया है। एसपी वैभव कृष्ण ने मंगलवार को बताया कि रामनगर स्थित उप संभागीय कृषि प्रसार कार्यालय के कर्मचारी नवीन शंकर शुक्ला निवासी ग्राम कोदौरा थाना थानगांव जनपद सीतापुर की हत्या बीते साल 19 दिसंबर को की गई थी।
इस घटना की जांच के बाद पुलिस ने मृतक के पुत्र आशीष शुक्ला व गांव के ही राकेश और ठाकुर प्रसाद निवासी कटरा थाना सदरपुर व बुद्वा अली निवासी रमदुवारी थाना महमूदाबाद सीतापुर को पकड़ा गया है। एसपी ने बताया कि मृतक के पुत्र आशीष ने एक लाख रुपये की सुपारी देकर पिता की हत्या कराई थी।
उसने आरोपियों को दस हजार नकद दिया था बाकी पिता का फंड मिलने पर देने की बात कही थी। मृतक ने पुश्तैनी संपत्ति बेच ली थी व नौकरी का पैसा भी परिवार को नहीं देता था। नवीन रामनगर में ही रहता था और उसके कई महिलाओं के साथ नाजायज संबंध थे, जिससे वह पत्नी से दूर रह रहा था।