फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सात पशु तस्कर गिरफ्तार

Thu, 24 Sep 2015 12:07 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/बराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ पुलिस ने मंगलवार रात दरियाबाद कस्बे में छापेमारी की। पुलिस टीम ने सात वध प्रतिबंधित मवेशी और भारी मात्रा में पशुओं को काटने वाले औजार बरामद किए है। पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, इनमें से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लखनऊ पुलिस की करीब पांच घंटे की कार्रवाई में खास बात यह रही कि जिला पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी।
विज्ञापन


जनपद में दरियाबाद, टिकैतनगर, रामसनेहीघाट,जैदपुर, सफदरगंज, मसौली समेत कई थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधित मवेशियों के वध का कारोबार तेजी से चल रहा है। इस काम में यहां की पुलिस पर पशु तस्करों से बराबर का हिस्सा लेने का आरोप पहले भी लगता रहा है। इसकी शिकायत शासन में की गई थी।

जिसके बाद शासन के निर्देश पर डीजीपी ने डीआईजी लखनऊ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल को बाराबंकी दरियाबाद कस्बे में मंगलवार रात छापेमारी करने के लिए भेजा। छापेमारी में सात वध प्रतिबंधित मवेशी व काफी मात्रा में औजार बरामद हुए है। लखनऊ पुलिस की छापेमारी के दौरान यहां हड़कंप रहा लेकिन भारी मात्रा में फोर्स देखकर सब चुप रहे। करीब 10:30 बजे लखनऊ पुलिस ने दरियाबाद कस्बे में छापेमारी की और सुबह 4:30 बजे तक कार्रवाई चलती रही।
विज्ञापन


डीआईजी लखनऊ रेंज डीके चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दरियाबाद कस्बे में छापेमारी की। इस टीम मेें चार एएसपी, पांच सीओ, सात एसओ व दो प्लाटून पीएसी शामिल थी। 35 वाहनों से आई पुलिस टीम अत्याधुनिक हथियारों से लैस थी। पुलिस टीम के सदस्य हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी करके आए थे। पुलिस के पास टीयर गैस और रबर की गोलियां भी थी।

लखनऊ पुलिस द्वारा दरियाबाद कस्बे में की गई कार्रवाई में दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है, उनमें कदीर, मुनीर, बाबू, ताज मोहम्मद, मोहम्मद हई, गुड्डू, कय्यूम, कलीम, चीबू, मुईद आदि शामिल हैं। इनमें से गुड्डू, मुईद व कय्यूम को पुलिस नहीं पकड़ सकी है, बाकी सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसओ दरियाबाद राजीव कुमार सिंह ने बताया कि फरार चल रहे आरोपियों की तलाश की जा रही है।

लखनऊ पुलिस ने जहां मंगलवार रात दरियाबाद कस्बे में छापेमारी कर यह साबित किया कि बाराबंकी पुलिस की मिलीभगत से ही जिले में पशु तस्करों का कारोबार चल रहा है। वहीं, अब इस बदनामी से बचने के लिए दरियाबाद पुलिस ने मंगलवार शाम को ही 35 प्रतिबंधित मवेशी बरामद करने का दावा किया है।

एसओ राजीव कुमार सिंह का कहना है कि मंगलवार शाम अलियाबाद कस्बे के पास से 35 मवेशी बरामद किए थे। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है लेकिन आरोपी पकडे़ नहीं जा सके है। टिकैतनगर पुलिस ने भी बुधवार शाम बेलखरा गांव के पास से 20 मवेशी बरामद किए। एसओ टीपी सिंह का कहना है कोई आरोपी पकड़ा नहीं गया।

एसपी अब्दुल हमीद ने बताया कि लखनऊ रेंज के डीआईजी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दरियाबाद कस्बे मेें मंगलवार रात छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में सात वध प्रतिबंधित मवेशी बरामद कर दस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। इस कार्रवाई की जानकारी थी। छापेमारी में जिले की पुलिस टीम भी साथ थी।

डीआईजी लखनऊ डीके चौधरी शासन में शिकायत की गई थी कि बाराबंकी पुलिस पशु तस्करों से पैसा लेती है। इसीलिए इस कार्रवाई की जानकारी बाराबंकी पुलिस को नहीं दी गई थी। डीजीपी के आदेश पर ये कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम ने पूरी तैयारी से छापा मारा था। अगर विरोध होता है तो कड़ी कार्रवाई की जाती।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें