कोऑपरेटिव बैंक में पीआरडी के दो जवानों की हत्या कर डकैती के प्रयास की वारदात की छानबीन कर रही एसटीएफ, क्राइम ब्रांच व पुलिस की टीमों को फिलहाल बदमाशों का कोई अहम सुराग नहीं मिला है।
छानबीन में पता चला है कि वारदात अंजाम देने वाले बदमाशों ने घटना से पहले बैंक के बाहर जिला महिला अस्पताल के सामने एक दुकान पर चाय पी थी। इस पर पुलिस ने चाय के दुकानदार से बदमाशों के हुलिए के बारे में पूछताछ की है।
कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, एसटीएफ व पुलिस की कुछ टीमें आसपास के जिलों में भी भेजी गई हैं।
बताते चलें कि शहर मेें नाका सतरिख पुलिस पिकेट पास सुभाष नगर में जिला कोऑपरेटिव बैंक की मुख्य शाखा में सोमवार देर रात डकैतों ने धावा बोलकर वहां सुरक्षा में तैनात पीआरडी के दो जवानों की गला रेतकर हत्या कर दी थी।
बदमाशों ने स्ट्रांग रूम की तिजोरी का एक लॉक काट दिया था मगर डबल लॉक होने के चलते वो तिजोरी खोल नहीं सके थे। इससे बैंक में रखा करीब 50 लाख कैश लुटने से बच गया था।
मंगलवार सुबह इस सनसनीखेज वारदात का पता चलने पर आईजी जोन, डीआईजी व ने मौका मुआयना करने के साथ ही क्राइम ब्रांच व पुलिस की कई टीमों को खुलासे के लिए लगाया था।
मंगलवार देर शाम लखनऊ से एसटीएफ की दो टीमें भी बाराबंकी पहुंच गई थीं। बुधवार को एसटीएफ व पुलिस की टीमें पूरा दिन सर्विलांस के माध्यम से आरोपियों के बारे में सुराग जुटाने में लगी रहीं।
छानबीन में पता चला कि बदमाशों ने वारदात से कुछ देर पहले बैंक के सामने जिला महिला अस्पताल गेट पर स्थित एक दुकान पर चाय पी थी। इसके कुछ देर बाद बड़ेल चौकी प्रभारी हीरा सिंह ने भी उसी दुकान पर जाकर चाय पी थी।
बैंक के पीछे लगे सीसीटीवी की फुटेज व चाय दुकानदार से पूछताछ से पता चला है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की उम्र 25 से 30 वर्ष के आसपास है। इस आधार पर पुलिस ने छह-सात संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।
उनसे पूछताछ की जा रही है। बदमाशों की तलाश में सीतापुर, लखनऊ, फैजाबाद, सुल्तानपुर, अमेठी आदि जिलों मेें भी पुलिस टीमें भेजी गई हैं।
एएसपी उत्तरी कुंवर ज्ञानंजय सिंह व शहर कोतवाल ने बुधवार को दिन में कई घंटे तक बैंक मैनेजर व सभी कर्मचारियों से पूछताछ की। बैंक में स्टाफ से मिलने आने वालों के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
एएसपी उत्तरी कुंवर ज्ञानंजय सिंह का कहना है कि, वारदात के खुलासे के लिए एसटीएफ, क्राइम ब्रांच व पुलिस की कई टीमें लगातार छानबीन कर रही हैं। अभी तक कोई अहम सुराग तो हाथ नहीं लगा है मगर संदिग्धों से पूछताछ करने के साथ ही विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही वारदात का खुलासा होगा।