बैंक से पैसा निकालकर निकले एक युवक से 28 हजार रुपये लूट लिए गए। पीड़ित का कहना है कि वारदात के बाद बदमाश पैदल ही भाग निकला। मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताया है। पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
थाना सतरिख क्षेत्र के दियानतनगर गांव निवासी पवन कुमार बृहस्पतिवार की दोपहर शहर में आवास विकास मोड़ स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा से 28 हजार पांच सौ रुपये निकालने के बाद बाहर निकला था। पवन का कहना है कि वह पैसों का पैकेट हाथ में लिए था और इस दौरान एक युवक पैदल पहुंचा और उनके हाथ में झपट्टा मारकर रुपये लूटकर भाग निकला।
पीड़ित ने शोर मचाया लेकिन आरोपी का पता नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की, लेकिन आरोपी का पता नहीं लग सका है। कोतवाल बीपी यादव ने कहा कि घटना संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है।