खेत गई एक किशोरी को अगवा कर दो लोगाें ने उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया और पुलिस से शिकायत करने पर उसे शोसल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
डरा सहमा परिवार चार दिन बाद किसी तरह थाने में पहुंचकर इसकी तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस ने अमेठी जिले के इन्हौना के गुखरान व एक अज्ञात के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज किया है।
सुबेहा क्षेत्र के गांव की रहने वाली 17 वर्षीय एक किशोरी ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया है कि बीते मंगलवार को वह खेत में काम करने गई थी, जहां पर दो युवकों ने उसे अगवा कर बाग में ले जाकर दोनों ने बारी-बारी से रेप किया।
इस दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया और पुलिस से शिकायत करने पर उसका वीडियो वायरल करने की धमकी दे दी। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद वह बेहोश हो गई और काफी देर बाद होश आने पर इस बारे में परिवारीजनों को बताया।
पीड़िता ने चार दिन बाद शुक्रवार को इसकी शिकायत पुलिस से की। पीड़िता का कहना है आरोपी उसके गांव व पड़ोस के गांव के हैं। कोतवाल जेएल सोनकर ने बताया कि शिकायत पर पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा घटना के चार दिन तक पीड़िता ने किसी से कोई शिकायत नहीं की तथा वह आरोपियों की सही पहचान नहीं बता पा रही है, जिससे जांच में कठिनाई हो रही है।