रेल कक्ष का ताला तोड़ जलाए टिकट
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ-गोंडा रेल लाइन पर स्थित रफी नगर रेलवे हाल्ट स्टेशन के कक्ष का रविवार की रात ताला तोड़ कर अभिलेख व टिकट जला दिए गए। सोमवार की सुबह ड्यूटी पर पहुंचे कमीशन एजेंट ने सूचना पुलिस को दी। एजेंट का कहना है कि टिकट व रजिस्टर किसी ने जला दिया है, जबकि आरपीएफ प्रभारी का कहना है कि जांच के बाद सामने आएगा कि टिकट आग लगने से जले या फिर किसी ने जलाए हैं। जांच के बाद रिपोर्ट जीआरपी को दी जाएगी।
मसौली थाना क्षेत्र में रफी नगर रेलहाल्ट स्टेशन है। यहां पर सुबह शाम दो-दो पैसेंजर ट्रेनें रुकती हैं। यहां पर गिरीश चंद्र वर्मा पुत्र महादेव निवासी ग्राम लोहरवा थाना जहांगीराबाद को कमीशन पर टिकट बेचने का काम करता है। रविवार की रात किसी ने स्टेशन पर बने कक्ष का ताला तोड़ कर अभिलेख व टिकट जला दिए। सोमवार की सुबह जब गिरीश ड्यूटी पर पहुंचा तो ताला टूटा देखा। बताया कि 6500 के टिकट व दो रजिस्टर जलाए गए हैं। उसने इसकी सूचना जीआरपी व आरपीएफ को दी।
सूचना पर पहुंचे आरपीएफ के प्रभारी अजय कुमार यादव ने मामले की जांच की। बताया कि गिरीश प्राइवेट कर्मचारी है। टिकटों व रजिस्टर की सुरक्षा की जिम्मेदारी उसी की है। जांच की जा रही है कि घटना कैसे हुई। इस संबंध में थानाध्यक्ष जीआरपी असमा माजिद ने बताया कि घटना हुई है। आरपीएफ जांच कर जो तहरीर देगी, उसी आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।