कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र में बड़ेला नरायनपुर गांव के पास शनिवार देर रात बदमाशों ने चालक और साथ बैठे गाड़ी मालिक को पीटकर उनको गाड़ी में ही बंधक बना लिया। चारों बदमाश लखनऊ के पॉलीटेक्निक चौराहे से सफारी में भिटरिया जाने की बात कहकर बैठे थे।
जिसके बाद वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने कार मालिक व चालक को असंद्रा थाना क्षेत्र में एक सुनसान जगह पर फेंक दिया व मौके से भाग निकले। फैजाबाद निवासी कार मालिक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
ग्राम लंबरदार पुरवा मजरे मीरमऊ थाना मवई जनपद फैजाबाद निवासी शहीम अहमद अपनी सफारी कार से गांव के ही अब्बू बकर के साथ रविवार की देर रात लखनऊ से घर लौट रहे थे। रात में करीब 2 बजे लखनऊ में ही पॉलीटेक्निक चौराहे पर चार लोगों ने गाड़ी रोकवाई और भेलसर तक चलने की बात कही। जिसके बाद शहीम ने चारों को गाड़ी में बैठा लिया।
इसके बाद सभी ने रास्ते में आकर सफदरगंज इलाके में एक ढाबे पर खाना भी खाया। इस बीच जब गाड़ी अहमदपुर टोल प्लाजा पार हुई तो सवारियों के रूप में बैठे बदमाशों ने दोनों को गाड़ी में मार पीटकर अपने कब्जे में लिया। और गाड़ी में पीछे की सीट पर डाल दिया। इसके बाद गाड़ी लेकर असंद्रा थाना क्षेत्र के सगौरा गांव के पास पहुंचे और मालिक व चालक को वहीं पर कार से बाहर फेंक कर भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित ने इसकी सूचना 100 नंबर पुलिस कंट्रोल रूम पर दी।
आननफानन में रात में ही अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी शफीक अहमद के साथ ही रामसनेहीघाट सीओ सतोष कुमार सिंह, रूदौली के सीओ, रामसनेहीघाट, असंदरा, दरियाबाद व मवई थाने की पुलिस ने पहुंचकर छानबीन शुरू की लेकिन लुटेरों का पता नहीं चल सका था। पुलिस क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गाड़ी मालिक के बेटे इमरान की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।
एसपी ने लिया मौके का जायजा
रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र मेें सफारी कार की लूट होने के बाद सोमवार को पहुंचे एसपी राजू बाबू सिंह ने मौके का जायजा लिया। कप्तान ने पीड़ितों से बात कर पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए टीमें लगी हैं और अहमदपुर टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज में कार के अंदर बैठे लोगों को देखकर लुटेरों का पता लगाया जा रहा है।