कोठी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक किसान के घर से एक लाख रुपये चोरी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। वहीं एक किसान का मवेशी भी चोरी हो गया है।
थाना कोठी क्षेत्र के ग्राम पखारपुरवा निवासी किसान नंदकिशोर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि शुक्रवार की रात उनके घर मेें पीछे की दीवाल में नकब लगाकर घुसे चोर चार हजार रुपये की नकदी व जेवरात समेत करीब एक लाख रुपये का सामान उठा ले गए। पुलिस ने अभी मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
वहीं क्षेत्र के ही बिबियापुर घाट गांव के किसान राजेश कनौजिया के घर के बाहर बंधा एक कीमती मवेशी भी बीती रात चोरी हो गया। दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई है। एसओ वकील सिंह यादव ने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।