हाथरस। जलेसर रोड पर कमल मेटल फैक्ट्री से एक अक्तूबर की रात को लूटी गई करीब 70 लाख रुपये की पीतल डकैती के खुलासे की औपचारिकता पुलिस ने शनिवार को पूरी कर दी। पुलिस ने 25 टन माल में से महज एक टन माल बरामद किया है और 13 आरोपियों में से दो को पकड़कर अपनी पीठ थपथपा ली है। एक महीने से ज्यादा का समय बीतने के बावजूद लूट करने वाले अंतर्जनपदीय गैंग का मुख्य सरगना पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। पीतल फैक्ट्री के मालिक रूपेश गर्ग ने लूट के खुलासे पर गहरा असंतोष व्यक्त किया है। डकैती में बहुत बड़ी कामयाबी हाथ नहीं लगने पर भी पुलिस टीम को डीआईजी ने दस हजार रुपये और एसपी ने पांच हजार रुपये के इनाम का ऐलान किया है।
एसपी कार्यालय में एसपी डॉ. एसएस चन्नप्पा, एएसपी अजय शंकर राय और सीओ सिटी राजेश पांडेय ने डकैती के खुलासे की जानकारी दी। आरोपियों का नाम फुरकान अली पुत्र छिद्ध अली निवासी मोहल्ला कुरैशी, अमरोहा और महेंद्र सिंह पुत्र दौलीराम निवासी बसई थाना अतरौली, अलीगढ़ है। मुख्य आरोपी राहुल पंडित इस गैंग का सरगना है। पुलिस खुलासे को लेकर कई बातें साफ नहीं कर सकी। यह नहीं बताया गया कि पुलिस आरोपियों तक कैसे पहुंची। डकैती में स्थानीय लोगों का हाथ होने और बाकी माल की बरामदगी को लेकर अधिकारी ज्यादा कुछ नहीं बता सके। जिन 11 आरोपियों के फरार होने की बात कही जा रही है, उनका नाम भी जाहिर नहीं किया गया। बताया गया कि पिछले एक महीने से कई टीमें आरोपियों को दबोचने के लिए अलग-अलग जिलों में दबिश दे रही थीं। इसके बावजूद पकड़े गए दोनों आरोपी वाहन चेकिंग में शुक्रवार को बिजली कॉटन मिल ही पुलिस को मिल गए। इनके कब्जे से पीतल की 203 सिल्लियां और वह ट्रक मिला, जिसमें लूटी गई पीतल ले जाई गई थी।