शहर में कटरा मोहल्ले के नाले में बुधवार सुबह नवजात बालिका का शव पड़ा देख भीड़ लग गई। पुलिस ने शव नाले से निकलवाकर छानबीन शुरू कर दी है। बालिका की मौत नाले में फेंकने से हुई, उसे मारकर फेंका गया या फिर मौत के बाद उसे नाले में फेंका गया, ये स्पष्ट नहीं हो सका है। मगर नवजात का शव नाले में फेंकने को लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है।
कटरा मोहल्ले में बुधवार सुबह एक नवजात बच्ची का शव नाले में पड़ा मिला। मामले की जानकारी होने पर वहां भीड़ लग गई। मोहल्ले वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सिटी चौकी प्रभारी प्रमोद सिंह ने शव नाले से निकलवाया तो उसके शरीर में मेडिकल ब्लेड लगा मिला।
इस पर लोग आशंका जता रहे हैं कि बिटिया पैदा होने पर उसे ब्लेड से मारकर नाले में फेंका गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर नवजात की मौत का कारण पता चलेगा। मामले में छानबीन की जा रही है।