बबुरिहा गांव में सोमवार रात शादी समारोह था। बारात गांव पहुंच गई थी। द्वार पूजा हो रही थी। छत पर महिलाएं मंगल गीत गा रही थी। तभी नशे में धुत दूल्हे के मामा ने हर्ष फायरिंग कर दी। छत पर एक मां अपनी डेढ़ साल की बच्ची को गोद में लिए खड़ी थी।
गोली सीधे बच्ची के सिर में जाकर लगी। छर्रे लगने से महिला भी घायल हो गई। बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया है। हर्ष फायरिंग से विवाह कार्यक्रम में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची जैदपुर पुलिस ने आरोपी को लाइसेंसी बंदूक व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। जैदपुर थाना क्षेत्र के मुरलीगंज के गांव बबुरिहा में सोमवार रात रमेश कुमार की बेटी की बारात सफदरगंज के बिरौली गांव के रामसरन के यहां से आई थी।
शादी में सभी खाना खा रहे थे और घर के बाहर द्वार पूजा के समय महिलाएं छत पर और कुछ महिलाएं नीचे मंगल गीत गा रही थी। तभी दुल्हे के मामा चंन्द्रशेखर निवासी ग्राम उसरा कोतवाली बदोसरायं ने नशे में लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी।
गोली छत पर खड़ी दुल्हन के चाचा अंसुल वर्मा की डेढ़ वर्षीय बेटी द्विव्यांशी व पत्नी ममता को लग गई। इससे समारोह में हड़कंप मच गया। लोगों ने घायल मां-बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से बच्ची को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया है। मां को मामूली घायल है। बच्ची की हालत नाजुक है। इस घटना के बाद विवाह संपन्न हुआ।
पुलिस ने आरोपी दुल्हे के मामा को लाइसेंसी बंदूक, पांच कारतूस व एक खोखे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध नशे में हर्ष फायरिंग करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। बच्ची का इलाज ट्रॉमा सेन्टर में चल रहा है।
-दुर्गेशचन्द्र श्रीवास्तव, थाना प्रभारी, जैदपुर