बंकी कस्बे के एक स्कूल परिसर स्थित ससुराल आए युवक व उसकी पत्नी के कमरे से तड़के करीब तीन बजे चीखने चिल्लाने की आवाजें आने पर घर में हड़कंप मच गया। महिला की मां ने पड़ोसियों को जगाकर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़वाया तो पति-पत्नी बेहोश मिले। महिला खून से लथपथ थी।
पुलिस ने दंपती को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने पति को मृत घोषित कर दिया जबकि पत्नी को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि दंपती के बीच आपसी झगड़े के बाद युवक ने पत्नी पर हमलाकर खुद विषाक्त पदार्थ खा लिया। दूसरी तरफ मृतक के भाई ने उसकी सास, पत्नी व एक स्कूल संचालक पर भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है।
असंद्रा थाना क्षेत्र के मोतीकापुरवा गांव निवासी सोमनाथ पांडेय (28) पुत्र कृष्णानंद पांडेय का विवाह शहर कोतवाली क्षेत्र में बंकी कस्बा की रहने वाली आरती पुत्री रामकिशोर मिश्रा के साथ इसी साल मार्च महीने में हुआ था। पुलिस के अनुसार सोमनाथ लखनऊ के हजरतगंज स्थित एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था और आरती के साथ वहीं रहता था।
मंगलवार की रात सोमनाथ पांडेय पत्नी आरती को लेकर बाइक से ससुराल बंकी आया हुआ था। उसकी सास गीता कस्बे के कृष्णा पब्लिक स्कूल में नौकरी करती है और परिसर के अंदर बने आवास में रहती है। बताया जाता है कि यहां पर सोमनाथ व उसकी पत्नी के बीच आपसी बातों को लेकर रात में कई बार विवाद हुआ।
इसके बाद बुधवार की भोर करीब तीन बजे आरती व सोमनाथ के कमरे से चीखने की आवाज आने लगी। इस बीच आरती की मां गीता मिश्रा ने आसपास के लोगों व पुलिस को इस बारे में सूचना दी। जिसके बाद पहुंचे कोतवाल बीपी यादव ने पुलिस कर्मियों के सहारे कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा तो आरती खून से लथपथ बेहोश हालत मेें थी व सोमनाथ भी अचेत अवस्था में पड़ा था।
पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां पर सोमनाथ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि आरती की हालत गंभीर होने के चलते ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। सीओ सिटी श्रीपाल यादव ने भी मौके का जायजा लिया। देर शाम कोतवाल बीपी यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर खाने से मौत की पुष्टि हुई है। शरीर पर कहीं खरोंच व चोट के निशान नहीं हैं।
‘भाई की हुई है हत्या’
मृतक सोमनाथ पांडेय के बड़े भाई ओमकार नाथ पांडेय का कहना है कि सोमनाथ की सास गीता कृष्णा पब्लिक स्कूल में काम करती है और यहां ही रहती है। कहा कि मेरे भाई को उसकी पत्नी आरती, सास गीता व कृष्णा पब्लिक स्कूल बंकी के प्रबंधक डीडी आर्य ने मिलकर सोमनाथ की हत्या करने के बाद घटना का रूप बदलने का प्रयास किया है।
जांच में पता लगा है कि युवक व उसकी पत्नी के बीच आपसी विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर युवक ने पत्नी पर जानलेवा हमला करने के बाद खुद विषाक्त खाकर जान दे दी है। जिस कमरे में दंपती थे उसका दरवाजा अंदर से बंद था और पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला था। इसलिए किसी साजिश की आशंका नहीं है। फिर अगर कोई तहरीर मिलती है तो कार्रवाई होगी। -राजू बाबू सिंह, पुलिस कप्तान