बाराबंकी। हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के चौबीसी गांव में बने एक मंदिर के पुजारी की हत्या के बाद रोते बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के चौबीसी गांव में बने एक मंदिर में रहने वाले एक आश्रम के महंत की ईंट से कूंचकर निर्मम हत्या कर दी गई। बुधवार देर रात हुई इस वारदात के बारे में जानकारी होने पर गुरुवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अमेठी जिले के निवासी मृत महंत के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
अमेठी जिले के थाना शुकुलबाजार के पूरे दयागिरी मठ गांव निवासी गंगा प्रसाद पुत्र गुरुदत्त ने सांई पंथ अपनाने के बाद कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के चौबीसी गांव में स्थित काली मंदिर के समीप खाली पड़ी ग्राम समाज की भूमि पर सत्य सांई आश्रम की स्थापना की तथा गत 12 वर्षों से वहीं निवास कर रहे थे।
भोर से देर शाम तक भक्तों से घिरे रहने वाले सांई रात को आबादी से काफी दूर आश्रम पर अकेले ही रहते थे। बृहस्पतिवार की सुबह आश्रम की कुटी के बाहर बेंच के नीचे मच्छरदानी के साथ खून से लथपथ सांई का शव पड़ा पाया गया। सांई के तीन स्टील के कमंडल व बैग अलग-अलग आश्रम से थोड़ी दूरी पर मदहा झील में पड़े पाए गए।
भोर में zगांव से मंदिर व आश्रम की साफ-सफाई करने पहुंचे ग्रामींणों ने सांई की हत्या की सूचना कोतवाली पुलिस उनके परिवारीजनों को फोन पर दी। इसके बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की तथा आश्रम में आने-जाने वालों व ग्रामीणों से सांई के बारे में पूूछताछ की।
हत्या का कारण स्पष्ट नहीं होने पर सांई के पुत्र विजय की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।