विपणन निरीक्षकों ने एक किसान नेता पर पैसा मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया है। विपणन निरीक्षकों ने इसकी शिकायत जिला विपणन अधिकारी से की है। उधर किसान नेता का कहना है कि मैं इनके भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाता हूं इसीलिए ये आरोप लगाए गए हैं।
सिरौलीगौसपुर के विपणन निरीक्षक हरिश्चंद्र ने बृहस्पतिवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बताया कि बुधवार को उनके मोबाइल नंबर पर 8127198607 और 9451435829 से कई बार फोन आया। उन्होंने बताया कि उनकी ड्यूटी एमएलसी चुनाव में लगी थी इसलिए वह मुख्यालय पर मौजूद थे। आरोप लगाया कि भारतीय किसान यूनिटी का मंडल उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार शुक्ला ने उनसे 50 हजार रुपये की मांग की और न देने पर निलंबित कराने तथा निपट लेने की धमकी दी।
वहीं हैदरगढ़ में तैनात विपणन निरीक्षक अनुपम सिंह का आरोप है कृष्ण कुमार ने पैसे की मांग की थी पैसा नहीं देने पर जिलाधिकारी से फर्जी शिकायत कर दी। इसको लेकर बृहस्पतिवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक भी हुई जिसमें आगे की रणनीति तय की गई। इस मौके पर आलोक रंजन, अखिलेश कुमार सिंह, सौरभ यादव, अनुपम सिंह, यशवंत राव, रामकृष्ण पांडेय, हरिश्चंद्र, अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी तरफ कृष्ण कुमार शुक्ला का कहना है कि विपणन निरीक्षक लगातार सरकारी राशन की कालाबाजारी कर रहे हैं। इनके भ्रष्टाचार के खिलाफ मैं हमेशा आवाज उठाता हूं इसीलिए ये आरोप लगाए जा रहे हैं।