बाराबंकी में सोमवार को बेलहरा क्षेत्र के कैथा गांव में नाली की झाड़ियों में नवजात का शव मिलने के बाद लगी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
मां की ममता पर लोकलाज का भय इस कदर हावी हुआ कि उसने अपने नवजात शिशु को सोमवार सुबह कैथा गांव में नाली की झाड़ियों में फेंक दिया। नवजात शिशु को चीटिंयों के झुंड व कीड़े नोच रहे थे। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर उसे दफन करा दिया। यह नवजात किसका है इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।
लोकलाज के भय ने एक मां को अपने ही बच्चे का दुश्मन बना दिया। इस मां ने बच्चे को जन्म तो दिया। लेकिन, उसकी पहचान छिपाने के लिए उसको अपने हाथ से ही मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के कैथा गांव की नाली की झाड़ियों में फेंक दिया। नवजात शिशु को चीटिंयों के झुंड व कीड़े नोच रहे थे। निर्ममता इस कदर थी कि नवजात को कपड़े में भी नहीं लपेटा गया। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के रामदुलारे के घर के पास नवजात शिशु का शव देखा।
ग्रामीणों के अनुसार ऐसा लग रहा है कि नवजात का जन्म रात में ही हुआ होगा और आननफानन किसी ने उसे फेंक दिया। यह बात गांव में आग की तरह फैली। देखते ही देखते ही सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने नवजात शिशु के शव का पंचनामा भर उसे दफन करा दिया। नवजात किसका है, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।