ढोंगी बाबा रामशंकर तिवारी उर्फ परमानंद के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही की है। बाबा, उसके दो सहयोगियों व बेटे पर पुलिस ने गैंगस्टर लगाकर मंजूरी के लिए जिलाधिकारी के पास भेजा है। डीएम की स्वीकृति मिलते ही पुलिस इसे कोर्ट में दाखिल कर देगी।
बताते चलें कि देवा कोतवाली क्षेत्र के हर्रई गांव निवासी बाबा रामशंकर तिवारी उर्फ परमानंद की महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। बाबा के इन वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने उसके व शिष्यों तथा बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बाबा को चित्रकूट से गिरफ्तार किया था।
इसके बाद एक दलित महिला ने भी बाबा के खिलाफ दुराचार व शोषण का आरोप लगा पुलिस से शिकायत की थी। जिस पर पुलिस ने बाबा के खिलाफ दुराचार व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी।
बाबा के खिलाफ अब तक करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। देवा पुलिस ने अब बाबा परमानंद के खिलाफ गैंगस्टर की कार्यवाही भी कर दी है। कोतवाल एसपी सिंह ने बताया कि बाबा व उसके दो शिष्यों संजय सिंह व अरविंद पाठक व पुत्र विजय तिवारी के खिलाफ गैंगस्टर लगा एसपी ने स्वीकृति के लिए डीएम के पास भेजा है।