रात्रि में हाईवे पर लोहे की सरिया लूटने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हैदरगढ़ पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने लूटी गई 14 क्विंटल सरिया, लूट में प्रयुक्त ट्रक, मोबाइल, एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किया है।
पकड़े गए सभी पांचों बदमाश उन्नाव जिले के निवासी है। बदमाशों में एक आरोपी बीडीसी सदस्य भी है। पुलिस ने सभी के खिलाफ लूट समेत कई धारा में रिपोर्ट दर्ज कर रविवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजे गए है।
पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद ने रविवार को पुलिस लाइन मेें बताया कि हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में बीते 12 मई को हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर स्थित करौंदी गांव मेें जगमोहन सिंह को बंधक बनाकर लुटेरे उनके यहां से 22 क्विंटल सरिया लूट ले गए थे। हैदरगढ़ पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की थी।
सके बाद क्राइम ब्रांच व हैदरगढ़ पुलिस टीम ने इस घटना का खुलासा करते हुए अरविंद लोध निवासी ग्राम लालताखेड़ा मजरे जमुका थाना अचलगंज, मानसिंह लोधी निवासी मुकुंदखेड़ा मजरे टीकरगढ़ी कोतवाली नगर उन्नाव, वीरेंद्र कुमार लोधी निवासी कोरारी कला थाना अचलगंच, ओमप्रकाश लोधी निवासी सधौरा मजरे रैनागढ़ी थाना अजगैन व दिनेशचंद्र यादव निवासी सोनेखेड़ा मजरे कटरा थाना बीघापुर जनपद उन्नाव को गिरफ्तार किया है। इन लुटेरों के पास से पुलिस ने लूटी गई 14 क्विंटल सरिया, लूट में प्रयुक्त ट्रक, मोबाइल, एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किया है।
रेकी कर कई जिलों में की वारदात
पकड़े गए बदमाशोें के गिरोह का सरगना ओमप्रकाश लोधी है। बदमाशों ने पुलिस को बताया है कि वह सभी अरविंद कुमार की र्स्कापियो कार से हाईवे पर लगातार कई जिलों में घूमते रहते थे और फिर जहां पर सड़क किनारे लोहे की सरिया रखी मिलती थी वहीं पर लूट का प्लान तैयार कर रात में घटना का अंजाम देते थे। इसके बाद सभी रात में ट्रक लाकर सरिया लूटकर भाग लेते थे।
बदमाशों में शामिल दिनेश चंद्र यादव अपने गांव का बीडीसी सदस्य भी है। लुटेरों ने गोरखपुर, लखनऊ समेत हाईवे पर पड़ने वाले कई जिलों में लूट की वारदातोें को अंजाम दिया है। वहीं इस गिरोह के तीन अन्य सदस्य बीते दिनों अमेठी जिले की पुलिस द्वारा जेल भेजे जा चुके है।