दोस्त को गला काटकर मारकर किया कत्ल
कोतवाली क्षेत्र के अमरा गांव में होली के दिन एक दोस्त अपने ही दोस्त की गंड़ासे से काटकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
वारदात के बाद एसपी व सीओ ने मौके का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
कोतवाली बदोसंराय क्षेत्र के ग्राम अमरा कटेहरा के रहने वाले वासुदेव तिवारी (38) पुत्र गोमती प्रसाद सोमवार को होली का रंग खेलने के बाद दोपहर के समय की एक दुकान से साबुन व शैैंपू लेकर घर लौट रहे थे। तभी गांव के ही पवन यादव ने उन पर गंड़ासे से हमलाकर गला काट डाला।
इस हमले में वासुदेव की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजौ। कोतवाल ध्रुवकुमार समेत सीओ रामनगर दुर्गेश सिंह, एसडीएम लव कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक वैभव कृण्ण आदि अफसरों ने मौके पर पहुंचकर घटना की गहन जांच की और हत्या के कारणों को जानने का प्रयास किया।
होली के दिन हुई इस वारदात के बाद गांव में आक्रोश के चलते भारी पुलिस बल तैनाती किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक रामनगर दुर्गेश सिंह ने बताया है कि मृतक की पत्नी राधादेवी द्वारा ती तहरीर पर आरोपी पवन यादव के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। मुकदमे में खेत बंटाई को लेकर विवाद दर्शाया गया है।
परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट
मृतक की पत्नी राधा देवी ने बताया कि हमारे परिवार मे एक मां के अलवा चार छोटे छोटे बच्चे पल्लवी, अरून, गुड़िया, दीपांशू हैं। कमाने वाले सिर्फ वासुदेव ही थे जिनकी हत्या कर दी गई है ऐसे में इस परिवार के सामने रोजी रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है। इनके पास महज एक बीघा खेत है।
खेत बटाई को लेकर था विवाद
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी पवन कुमार यादव पावर कॉर्पोरेशन में लाइनमैन के पद पर कार्यरत है। पवन अक्सर अपने ड्यूटी स्थल पर रहता था। उसके घर की खेती वासुदेव तिवारी देखता था। दोस्त होने के नाते वासुदेव उसके घरेलू कार्यों में भी हाथ बटाता था।
सूत्रों की मानें तो इन्हीं नजदीकियों के चलते वासुदेव का पवन के घर में भी काफी दखल हो गया था। गांव में चर्चा है कि पवन को यह बात ठीक नहीं लग रही थी और इसी के चलते उसने वासुदेव से खेत बटाई न लेने की बात कही थी। जिसके चलते दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। बताया जाता है कि इन्हीं सब बातों के चलते पवन ने यह वारदात अंजाम दी है। हालांकि पूरी हकीकत पुलिस की जांच के बाद ही पता लग सकेगी।
मृतक के परिवार को डीएम ने दी आर्थिक सहायता
हत्याकर मारे गए वासुदेव तिवारी के परिवारीजनों को डीएम डॉ. रोशन जैकब ने पारिवारिक सहायता के तौर पर 30 हजार रुपये व कृषि दुर्घटना बीमा के तहत पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दिलाने की बात कही है। घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक शरद अवस्थी ने भी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार का हाल जाना।
होली के रंग में पड़ गया भंग
गांव में एक युवक की हत्या की घटना के बाद होली के रंग में भंग पड़ गया। जहां लोग रंग खेलने के बाद होली मिलने की तैयारी कर रहे थे वहीं अचानक यह मामला सामने आ गया। गांव में आरोपी के प्रति लोगों में नाराजगी है लेकिन कोई भी इस वारदात के पीछे की असली वजह बताने को तैयार नहीं हैै।