शहर कोतवाली व फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में जालसाजों ने शिक्षिका समेत दो महिलाओं के खातों से 82 हजार रुपए पार कर दिए। दोनों मामलों में पीड़िताओं ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में बस अड्डे के समीप की रहने वाली सीमा वर्मा पत्नी अशोक वर्मा कोठी स्थित एक कॉलेज में शिक्षिका हैं। सोमवार को जब सीमा शहर स्थित सिंडीकेट बैंक पहुंची तो उन्हें पता लगा कि उनके खाते से 50 हजार रुपये किसी ने निकाल लिया है।
जब बैंक कर्मियों ने शिक्षिका से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि 1 फरवरी को उनके पास एक फोन आया था जिसने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए बैंक खाता नंबर व एटीएम पिन कोड पूछा था।
जिसके बाद शिक्षिका को बैंक कर्मियों ने बताया कि उनके खाते से जालसाजों ने 50 हजार निकाल लिए है। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। कोतवाल बीपी यादव का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। कहा यदि शिकायत मिलेगी तो जांच कर कार्रवाई होगी।
वहीं फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के काजीपुर मोहल्ले की रहने वाली साफिया पत्नी रफीक ने बताया कि बीते बुधवार को उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया और फोन करने वाले ने खुद को यूनियन बैंक का अधिकारी बताया। इसके बाद जालसाज ने महिला से बैंक खाता नंबर, एटीएम व उसका कोड नंबर पूछ लिया।
जब पीड़िता बैंक पहुंची तो उसको पता लगा कि उसके खाते से 32 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। जिसके बाद पीड़िता ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है। इस संबंध में कोतवाल विकास पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।