गन्ने की तौल कराकर लौट रहे किसान से शुक्रवार रात तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर नगदी, मोबाइल व बाइक लूट ली। पीड़ित किसान ने थाने में तहरीर दी मगर पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की है।
बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के किंतूर गांव का किसान दिनेश यादव शुक्रवार देर रात बदोसराय कस्बे में ही गन्ने की तौल कराने के बाद बाइक से घर लौट रहा था।
तभी सिरौलीगौसपुर मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिनेश को रोक लिया और तमंचा सटाकर उसके पास मौजूद करीब साढ़े दस हजार रुपये नगदी, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड व बाइक लूटकर भाग गए। बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद किसान ने थाने जाकर सूचना दी।
इस पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश की मगर सफलता नहीं मिली। किसान ने शनिवार को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी संजय यादव का कहना है कि मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।