एक अधेड़ की हत्या कर उसका शव गांव के बाहर एक मजार के पास पेड़ से लटका दिया गया। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। शव को देखते ही ग्रामीणों में चर्चा होने लगी कि इसे मारकर यहां टांगा गया है क्योंकि मृतक के दोनों घुटने एकदम जमीन पर थे। पुलिस ने शव को उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के जेब से मोबाइल फोन व किसी युवती का फोटो मिली है। पिता ने पुलिस को हत्या की तहरीर दी है।
सतरिख थानाक्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी संतराम रावत (45) पुत्र बिशुना रावत का शव शुक्रवार सुबह गांव से एक किमी दूर स्थित एक मजार के पास लगे पाकड़ के छोटे पेड़ से लटकता पाया गया। ग्रामीणों ने संतराम के लटके शव को देख कर इसकी सूचना उसके परिवारीजनों व पुलिस को दी। कुछ देर बाद ही घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृत संतराम की जेब से मोबाइल फोन, निर्वाचन कार्ड व एक युवती का फोटो मिला है।
संतराम के पिता बिसुना रावत ने बताया कि संतराम रात में बिना बताए ही घर से निकला था। रात में गांव व आसपास उसकी खोज की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह संतराम का शव पेड़ से मिला। उन्होंने बताया कि संतराम की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है। बिसुना ने बेटे की हत्या किए जाने की तहरीर पुलिस को दी है लेकिन पुलिस ने अभी इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।