मसौली पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही के कारण बिजली के खंभों में लगे अर्थिंग तार में उतरे करंट की चपेट में आने से एक मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया है। सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चक मजरे रहरामऊ निवासी शहाबुद्दीन का 14 महीने का इकलौता पुत्र तौहीद गुरुवार को खेलते-खेलते विद्युत पोल के पास पहुंच गया।
गांव में सात माह पूर्व हुए विद्युतीकरण में एलटी लाइन के लगाए गए खंभों में अर्थिंग के तार में इंसुलेटर न लगाये जाने से उतरे करंट में बालक की चिपक कर मौत हो गयी। घटना के बाद गांव में मचे हाहाकार के बीच ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र मसौली के अवर अभियंता के मोबाइल पर जब सूचना दी तो अभियंता ने अपने सहायक को मोबाइल थमाते हुए जवाब दिया कि ग्रामीणों द्वारा विद्युत तारों से छेड़छाड़ के चलते खंभों में करंट उतर रहा है।
विभाग के जिम्मेदार अधिकारी के गैर जिम्मेदारा बयान से ग्रामीणों में रोष व्याप्त हैं। एसडीओ अंबिका प्रसाद ने एलटी कंपनी की लापरवाही को स्वीकार करते हुए जांच कराने एवं पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की बात कही।