बदोसरायं कस्बे में एक बैंक के सामने से टप्पेबाजों ने किसान से दस हजार रुपये की नकदी पार कर दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से कर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की लेकिन आरोपियों का कोई पता नहीं लग सका है।
रामनगर थानाक्षेत्र के चौहानपुर गांव निवासी बहादुर पुत्र रामबहादुर बृहस्पतिवार को बदोसराय कस्बा स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैंक पैसे निकालने गए थे। बहादुर ने बताया कि बैंक से दस हजार रुपये निकलवाने के बाद वह बैंक के बाहर खड़े थे तभी तीन युवक पैदल पहुंचे और रुपयों की गड्डी से बंधे रुमाल को उन्हें सौंपते हुए कहा कि इसमें तीस हजार रुपये है आप अपने दस हजार हमें दे दो।
इनका कहना है कि खुले रुपये लेने के लिए जालसाजों ने उसे धोखे में डालकर रुपयों से बंधा रूमाल बताकर दस हजार लेकर बैंक की ओर चले गए। इस बीच बहादुर भी अपने घर आ पहुंचे और जब रूमाल खोलकर देखा तो उसमें रुपये की जगह कागज की गड्डी बंधी थी। इस बात का पता लगने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी संजय यादव का कहना है कि जांच कर कार्रवाई होगी।