भवानी बक्स निवासी किडनी चोरी से पीड़ित पृथ्वीराज।
- फोटो : अमर उजाला
कोठी क्षेत्र के भवानी गांव निवासी युवक ने खुद की किडनी चोरी करने का आरोप लगाते हुए केजीएमयू लखनऊ के दो नामजद व जिला अस्पताल के एक अज्ञात चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि इलाज कराने के बहाने चिकित्सकों ने एक किडनी निकाल ली। एसपी के आदेश पर हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
कोठी थाना क्षेत्र के पूरे भवानी गांव निवासी पृथ्वीराज (23) ने शनिवार को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि फरवरी 2015 में वह पेट में दर्द होने पर इलाज के लिए जिला अस्पताल आए थे। यहां पर एक चिकित्सक ने देखने के बाद कहा कि आंत फट गई है, इसका लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज होगा। इसके बाद पृथ्वीराज को लखनऊ केजीएमयू रेफर कर दिया गया।
आरोप है कि केजीएमयू के चिकित्सक डॉ. आनंद मिश्रा व डॉ संदीप तिवारी ने उसके पेट का ऑपरेशन किया और 20 मार्च 2015 को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इसके बाद पेट में परेशानी बढ़ने के बाद पृथवीराज कई बार लखनऊ गया और ऑपरेशन करने वाले चिकित्सकों से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस बीच 22 अप्रैल को पृथ्वीराज ने जब जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करवाया तो पता लगा कि इनके शरीर की दाहिनी किडनी गायब है। इस मामले की जानकारी के बाद पीड़ित के होश उड़ गए।
पीड़ित का कहना है कि वह बीते एक माह से इन चिकित्सकों के चक्कर लगा रहा था लेकिन किसी ने बात नहीं सुनी तो पुलिस से शिकायत की। शनिवार को शिकायत मिलने के बाद एसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया।
शहर कोतवाल एसपी सिंह ने बताया कि केजीएमयू के चिकित्सक डॉ. आनंद मिश्रा, डॉ. संदीप तिवारी व जिला अस्पताल बाराबंकी के एक अज्ञात चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। मामले में केजीएमयू के दोनों चिकित्सकों से बात करने के लिए प्रयास किया गया, लेकिन दोनों के मोबाइल फोन नहीं उठे।